आगरा में शिक्षकोत्सव कार्यक्रम में हुआ शिक्षकों का सम्मान
आप बदलाव के वाहक बनें, बच्चों में आदर्श व्यक्तित्व का निर्माण करें-डीएम
आगरा। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर सूरसदन प्रेक्षागृह में शिक्षकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के 800 शिक्षकों को उनके प्रशंसनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।शिक्षकों को शिक्षा और पठन-पाठन में सकारात्मक वातावरण तैयार करने, शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने, विभिन्न पाठ्य सहगामी क्रियाओं को प्रोत्साहित करने, स्कूल भवनों के संरक्षण जैसे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
![]() |
निपुण चैट वोट ऐप का शुभारंभ करते डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी |
निपुण चैट वोट ऐप का किया शुभारंभ
कार्यक्रम में डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने निपुण चैट वोट ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से शिक्षकों को शिक्षण कार्य में विभिन्न तकनीकी विधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें एनिमेटेड वीडियो, विषयों की शिक्षण विधियां, शैक्षिक सामग्री, ई-कंटेंट, वीडियो स्क्रिप्ट आदि शामिल हैं। इससे शिक्षक सरल और सुलभ तकनीक के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दे सकेंगे और उनकी अधिगम क्षमता को बढ़ा सकेंगे।
![]() |
शिक्षिका को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते डीएम |
शिक्षक समाज और राष्ट्र दोनों के लिए महत्वपूर्ण
डीएम ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि कल शिक्षक दिवस है। भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर तुल्य माना गया है, जिसमें कहा गया है “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वरः।” गुरु और शिक्षक को जीवन में मार्गदर्शन देने वाला बताया गया है।
![]() |
शिक्षक समाज और राष्ट्र दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। |
यह दिन गुरुओं को समर्पित
उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपति रहे डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह हमारे गुरुओं को समर्पित है, जिन्होंने हमें शिक्षा दी और जीवन में सही दिशा दिखाई। डीएम ने शिक्षकों से कहा कि आप आने वाली पीढ़ी को शिक्षा और भविष्य की दिशा दें। आपकी दी गई शिक्षा से भविष्य के ब्यूरोक्रेट, खिलाड़ी, इंजीनियर, वैज्ञानिक और राजनेता तैयार होंगे। आप समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं।
![]() |
शिक्षक बदलाव के वाहक बनें, बच्चों में आदर्श व्यक्तित्व का निर्माण करें |
अपना सर्वश्रेष्ठ देकर योगदान करें
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का उन्नयन हुआ है। सरकार, प्रशासन और शिक्षकों के सहयोग से शिक्षा का मजबूत ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आज अधिकांश सफल लोग सरकारी स्कूलों से ही शिक्षा प्राप्त कर कुशलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि आप बदलाव के वाहक बनें, बच्चों में आदर्श व्यक्तित्व का निर्माण करें और अपने कार्य क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देकर देश की प्रगति में योगदान दें।
![]() |
अपने शिक्षण कार्य को और प्रभावी बनाएं |
जीवन को सही दिशा देने का काम शिक्षक करते हैं
सीडीओ ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता-पिता हमें जीवन देते हैं, पर जीवन को सही दिशा देने का कार्य शिक्षक करते हैं। शिक्षक न केवल पुस्तकों का ज्ञान देते हैं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की शिक्षा भी देते हैं।सीडीओ ने शिक्षकों से कहा कि सच्चे अर्थों में उनका प्रयास होना चाहिए कि वे शिक्षक की अपेक्षाओं पर खरे उतरें और समाज में सकारात्मक योगदान दें। बच्चों को प्रेरित करें कि वे अपने कार्य निष्ठा और सत्य के साथ पूरा करें। यदि किसी को कोई दिक्कत हो, तो प्रशासन और डीएम उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को हर संभव प्रयास करना चाहिए, चाहे कितनी भी चुनौतियों का सामना करना पड़े।कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को सराहा और उन्हें आधुनिक तकनीकी साधनों के माध्यम से अपने शिक्षण कार्य को और प्रभावी बनाने का अवसर प्रदान किया।
![]() |
शिक्षक अच्छे संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की भी शिक्षा देते हैं |
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गोंड, नगर शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार, डॉ. इंद्र प्रकाश सोलंकी और सभी बीईओ उपस्थित रहे। सम्मानित शिक्षक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
#AgraTeachersFestival | #800TeachersHonoured | #NipunChatVoteApp | #TeacherDay2025 | #TodayNewsTrack | #अगरा_शिक्षक_समारोह | #शिक्षक_सम्मान | #निपुण_चैटवोट_एप | #शिक्षक_दिवस | #शिक्षक_सम्मान_आगरा